Hindi Poetry

Suryakant Tripathi Nirala – Keshar ki kali ki pichkaari


केशर की, कलि की पिचकारी

केशर की, कलि की पिचकारी
पात-पात की गात संवारी।

राग-पराग-कपोल किये हैं,
लाल-गुलाल अमोल लिये हैं,
तरु-तरु के तन खोल दिये हैं,
आरति जोत-उदोत उतारी–
गन्ध-पवन की धूप धवारी।

गाये खग-कुल-कण्ठ गीत शत,
संग मृदंग तरंग-तीर-हत,
भजन मनोरंजन-रत अविरत,
राग-राग को फलित किया री–
विकल-अंग कल गगन विहारी।