Hindi Poetry

Faiz Ahmed Faiz – Baat bass se nikal chali hai


बात बस से निकल चली है

बात बस से निकल चली है
दिल की हालत सँभल चली है

जब जुनूँ हद से बढ़ चला है
अब तबीअ’त बहल चली है

अश्क़ ख़ूँनाब हो चले हैं
ग़म की रंगत बदल चली है

या यूँ ही बुझ रही हैं शमएँ
या शबे-हिज़्र टल चली है

लाख पैग़ाम हो गये हैं
जब सबा एक पल चली है

जाओ, अब सो रहो सितारो
दर्द की रात ढल चली है

२१ नवंबर १९५३, मिंटगुमरी जेल

(ख़ूँनाब=लहु-रंगे)