Hindi Poetry

Mirza Ghalib – Sab kahan? Kuch lala-o-gul mein numayan ho gyi


सब कहां ? कुछ लाला-ओ-गुल में नुमायां हो गईं
ख़ाक में क्या सूरतें होंगी कि पिनहां हो गईं

याद थी हमको भी रंगा-रंग बज़मआराययां
लेकिन अब नक्श-ओ-निगार-ए-ताक-ए-निसियां हो गईं

थीं बनातुन्नाश-ए-गरदूं दिन को परदे में नेहां
शब को उनके जी में क्या आई कि उरियां हो गईं

कैद से याकूब ने ली गो न यूसुफ़ की ख़बर
लेकिन आंखें रौज़न-ए-दीवार-ए-ज़िन्दां हो गईं

सब रकीबों से हों नाख़ुश, पर ज़नान-ए-मिस्र से
है ज़ुलेख़ा ख़ुश कि महवे-माह-ए-कनआं हो गईं

जू-ए-ख़ूं आंखों से बहने दो कि है शाम-ए-फ़िराक
मैं ये समझूंगा के दो शमअएं फ़रोज़ां हो गईं

इन परीज़ादों से लेंगे ख़ुलद में हम इंतकाम
कुदरत-ए-हक से यही हूरें अगर वां हो गईं

नींद उसकी है, दिमाग़ उसका है, रातें उसकी हैं
तेरी ज़ुल्फ़ें जिसके बाज़ू पर परीशां हो गईं

मैं चमन में क्या गया, गोया दबिसतां खुल गया
बुलबुलें सुन कर मेरे नाले, ग़ज़लख़्वां हो गईं

वो निगाहें कयों हुयी जाती हैं यारब दिल के पार
जो मेरी कोताही-ए-किस्मत से मिज़गां हो गईं

बस कि रोका मैंने और सीने में उभरीं पै-ब-पै
मेरी आहें बख़िया-ए-चाक-ए-गरीबां हो गईं

वां गया भी मैं, तो उनकी गालियों का क्या जवाब ?
याद थीं जितनी दुआयें, सरफ़-ए-दरबां हो गईं

जां-फ़िज़ां है बादा, जिसके हाथ में जाम आ गया
सब लकीरें हाथ की गोया रग-ए-जां हो गईं

हम मुवहद्द हैं, हमारा केश है तरक-ए-रूसूम
मिल्लतें जब मिट गईं, अज़्ज़ा-ए-ईमां, हो गईं

रंज से ख़ूगर हुआ इनसां तो मिट जाता है रंज
मुशिकलें मुझ पर पड़ीं इतनी कि आसां हो गईं

यूं ही गर रोता रहा ‘ग़ालिब’, तो ऐ अहल-ए-जहां !
देखना इन बसितयों को तुम, कि वीरां हो गईं