Hindi Poetry

Ramdhari Singh Dinkar – Shabad vedh


शब्द-वेध

खेल रहे हिलमिल घाटी में, कौन शिखर का ध्यान करे ?
ऐसा बीर कहाँ कि शैलरुह फूलों का मधुपान करे ?

लक्ष्यवेध है कठिन, अमा का सूचि-भेद्य तमतोम यहाँ?
ध्वनि पर छोडे तीर, कौन यह शब्द-वेध संधान करे ?

“सूली ऊपर सेज पिया की”, दीवानी मीरा ! सो ले,
अपना देश वही देखेगा जो अशेष बलिदान करे ।

जीवन की जल गयी फसल, तब उगे यहाँ दिल के दाने;
लहरायेगी लता, आग बिजली का तो सामान करे ।

सबकी अलग तरी अपनी, दो का चलना मिल साथ मना;
पार जिसे जाना हो वह तैयार स्वयं जलयान करे ।

फूल झडे, अलि उड़े, वाटिका का मंगल-मधु स्वप्न हुआ,
दो दिन का है संग, हृदय क्या हृदयों से पहचान करे ?

सिर देकर सौदा लेते हैं, जिन्हें प्रेम का रंग चढ़ा;
फीका रंग रहा तो घर तज क्या गैरिक परिधान करे ?

उस पद का मजीर गूँजता, हो नीरव सुनसान जहाँ;
सुनना हो तो तज वसन्त, निज को पहले वीरान करे ।

मणि पर तो आवरण, दीप से तूफाँ में कब काम चला ?
दुर्गम पंथ, दूर जाना है, क्या पन्थी अनजान करे ?

तरी खेलती रहे लहर पर, यह भी एक समाँ कैसा ?
डाँड़ छोड़, पतवार तोड़ कर तू कवि ! निर्भय गान करे ।

(१९३५ ई०)